भटेवर में कालाजी बावजी मन्दिर के पास लावारिश हालत में मिली बाइक को पुलिस ने किया जब्त
वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के भटेवर स्थित काला जी बावजी मंदिर के पास में लावारिस हालत में मिली बाइक को भटेवर चौकी पुलिस ने जप्त किया। भटेवर पुलिस चौकी प्रभारी कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने काला जी बावजी मंदिर के पास एक लावारिस हालत में पड़ी बाइक की सूचना दी।
इसके बाद चौकी से कॉन्स्टेबल राम सिंह गुर्जर एवं सुरेश जाट मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने आसपास में छानबीन कर बाइक मालिक का पता लगाने के प्रयास किए। पुलिस द्वारा पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि सिल्वर कलर की बाइक पिछले 3 दिनों से मंदिर के पास ही लावारिस हालत में पड़ी हुई है।
ग्रामीणों को मामला संदिग्ध दिखने या चोरी की बाइक होने का अंदेशा होने पर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने लावारिस बाइक को जप्त कर भटेवर पुलिस चौकी में रखवाया और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर बाइक मालिक का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए।

