नवानिया में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने खेलगांव बनाने की उठाई मांग
ट्रेक के अभाव में राष्ट्रीय खिलाड़ियों को पक्की सड़क करनी पड़ रही तैयारियां
नवानिया पंचायत के सभी एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने पंचायत क्षेत्र में 400 मीटर रनिंग ट्रेक बनाने की मांग करते हुए सरपंच को ज्ञापन दिया। नवानिया विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सुरेश कुमार जाट के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने पिछले 10 वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया। गांव की इन प्रतिभाओं में से 5 खिलाड़ियों ने बिना ट्रैक के भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करते हुए गांव का नाम रोशन किया।
कोरोना आपदा के समय खिलाड़ियों को काफी मशक्कत का सामना करते हुए लंबी दौड़ पक्की सड़क पर करनी पड़ रही है। जिससे आए दिन खिलाड़ियों को आंतरिक चोट का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से परेशान होकर सभी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने ग्राम पंचायत में ट्रेक बनवाने की मांग को लेकर पंचायत में ज्ञापन दिया।
ग्राम पंचायत के सरपंच सत्य नारायण व्यास एवं उपसरपंच जगदीश सेन ने 400 मीटर ट्रैक बनाने का आश्वासन देते हुए नरेगा श्रमिकों को ट्रैक बनाने के काम में लगा दिया। इस समस्या का समाधान होने पर सभी खिलाड़ी उत्साहित नजर आए। नवानिया विद्यालय में कार्यरत शारीरिक शिक्षक सुरेश जाट राष्ट्रीय स्तर के एथलेटिक्स खिलाड़ी रह चुके हैं।
शारीरिक शिक्षक के मार्गदर्शन में गांव के राजेंद्र व्यास ने राजस्थान गोल्ड मेडल एवं वेस्ट जोन ब्रोज मेडल पर कब्जा किया। इसके साथ ही सोनल सुखवाल ने एथेलेटिक में इंडिया गोल्ड मेडल जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाकर भारतीय सेना में सेलेक्ट हुई। हाल ही में ललिता व्यास ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करते हुए शारीरिक शिक्षक में चयन हुआ।
सुनीता जाट ने इंडिया गोल्ड मेडल लाकर राजस्थान पुलिस में चयनित हुई। खिलाड़ियों ने बताया कि गांव में लगभग 20 बीघा जमीन के चारों तरफ बाउंड्री वॉल बनी हुई है। इस जमीन पर वर्तमान में दो वालीबॉल कोर्ट, एक खो खो कोर्ट, एक कबड्डी कोर्ट, एक क्रिकेट मैदान, एक फुटबॉल मैदान, एक हॉकी मैदान बना हुआ है।
इस मैदान पर 200 मीटर एवं 400 मीटर ट्रैक बन जाने के बाद यह खेल मैदान उदयपुर जिले का सबसे सफलतम खेल मैदान बन सकता है। जहां पर पांच कमरे, मंच और शुद्ध पेयजल के लिए ट्यूबवेल सहित सहित संपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध है।

