भटेवर सहित आस पास के गांवो में छिटपुट खण्डवृष्टि से किसानों को बंधी आस
भटेवर सहित आसपास के विभिन्न गांवों में कई दिनों के बाद आखिरकार इंद्रदेव कुछ देर के लिए मेहरबान हुए। भटेवर क्षेत्र में छिटपुट खंड वृष्टि होने से फसलों को लेकर किसानों को कुछ समय के लिए राहत मिल पाई। भटेवर एवं आसपास के गांवों में बरसात नहीं होने से ग्रामीणों ने इंद्रदेव को रिझाने के लिए धार्मिक अनुष्ठान सहित कई जतन किए।
इसके बावजूद भी उम्मीद के अनुसार इस साल बरसात नहीं हो रही है। किसानों को पहले तो लॉकडाउन की मार और अब बरसात नहीं होने से दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। भटेवर क्षेत्र में गुरुवार को मात्र 15 मिनट हल्की बरसात हुई। भटेवर के खालातोड, खोखरवास, बाईपास चौराहा एवं आसपास के स्थानों पर हल्की खंड बरसात हुई।
वही पुराना चौराहा बस स्टैंड के आसपास हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे किसानों को कुछ देर के लिए ही सही हल्की-फुल्की राहत महसूस हुई। आपको बता दे की भटेवर क्षेत्र में बरसात के करीबन डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी उम्मीद के अनुरूप बारिश नहीं हुई।
जिससे किसानों एवं ग्रामीणों के सिर पर चिंता की लकीरें आने लग गई है। अक्सर 15 जून के बाद बरसात का मौसम हर साल शुरू हो जाता है लेकिन इस बार किसानों को निराश होना पड़ रहा है।

