सांवरा के भंडार से निकली सवा तीन करोड़ की राशि
उदयपुर। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम साँवलिया सेठ मंदिर मंडफिया स्थित कृष्णधाम श्री सांवलियाजी में शुक्रवार को चतुर्दशी के अवसर पर भंडार खोला गया। भंडार से सवा तीन करोड़ की राशि निकली है। इसके अलावा भेंट कक्ष से भी 17 लाख रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुए। वहीं अब भी नोटों की गणना शेष है, जो आगामी दिनों में होगी।
जानकारी के अनुसार श्री सांवलियाजी का दो दिवसीय अमावस्या का मासिक मेला शुक्रवार को चतुर्दशी से शुरू हुआ। मुख्य ओसरा पुजारी कन्हिया लाल गोपाल महाराज ने ठाकुर जी को विशेष श्रंगार धराया, 10 बजे राजभोग आरती के बाद मंदिर केज ने भंडार खोला। शुक्रवार शाम तक नकदी की गणना की गई। भंडार से करीब 3 करोड़ 14 लाख 61 हजार रुपये की नकदी निकली। इसके अलावा अब भी छोटे-बड़े नोटों के अलावा सिक्कों की गणना भी शेष है। इधर, मंदिर कार्यालय स्थित भेंट कक्ष में भी 17 लाख 40 हजार 585 रुपए प्राप्त हुए हैं। ऐसे में इस माह चढ़ावे के रूप में करीब 3 करोड़ 30 लाख से अधिक की नकदी प्राप्त हुई है।
जानकारी में सामने आया कि भंडार से प्राप्त सोने व चांदी के आभूषण का तोल होना शेष है। मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच चली दानपात्र की गिनती की गई। भंडार खोलने के दौरान श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल अध्यक्ष कन्हैयादास वैष्णव, सदस्य मदन व्यास, भैरूलाल सोनी, भैरूलाल जाट, गेहरीलाल गुर्जर, भैरूलाल गाडरी, तहसीलदार ईश्वर खटीक, लेखाधिकारी सतीश चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी कैलाशचंद्र दाधीच, कैशियर नंदकिशोर टेलर आदि मौजूद थे।
रिपोर्ट - जयदीप चौबीसा



