वल्लभनगर उपखण्ड क्षैत्र के धमानिया में पंचायत ने अतिक्रमण की कार्रवाई कर रास्ता खुलवाया
वल्लभनगर उपखण्ड क्षैत्र के धमानिया में ग्राम पंचायत द्वारा रास्ते पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। धमानिया से बागथल जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण कर्ताओं ने रेम्प का निर्माण रास्ते के बीच तक कर दिया और आम रास्ते पर बड़े बड़े पत्थर डाल कर रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया। इसको देख गॉव के अन्य लोगों ने भी अपने घरों के सामने पत्थर, मिट्टी, लकडिय़ां डालकर रास्ता संकरा कर दिया।
राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अतिक्रमण की ऑनलाइन शिकायत दर्ज हुई। इस पर ग्राम पंचायत धमानिया द्वारा अतिक्रमण कर्ताओ को अतिक्रमण हटाने हेतु नोटिस जारी किए गए लेकिन अतिक्रमण नही हटाया गया। इस पर तहसीलदार वल्लभनगर द्वारा पुलिस जाब्ता के साथ अतिक्रमण हटाने के आदेश प्रदान किए गए।
ग्राम पंचायत धमानिया की बैठक में उक्त अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव पारित करके ग्राम पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रारम्भ की गई। पंचायत द्वारा जेसीबी से सभी रेम्प तोड़े गए एवं पत्थरो को रास्ते से हटाकर जब्त कर पूरे रास्ते को अतिक्रमण मुक्त किया गया। गॉव में पंचायत द्वारा तीन घण्टे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करके मार्ग से सम्पूर्ण अतिक्रमण हटने और रास्ते के खुलने से ग्राम वासियों ने राहत महसूस की।
इस मौके पर सरपंच शान्ता देवी डांगी, उपसरपंच कमला डांगी, ग्राम विकास अधिकारी चैनसिंह यादव, कनिष्ठ सहायक प्रवीण नाथ चौहान, वार्ड पंच मुकेश डांगी, लीला लौहार, बेनी बाई डांगी, सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार जाट, हेड कानिस्टेबल देवीलाल, कानिस्टेबल आशा, गिरिराज, मनीष सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

