कुराबड़ । आदिवासी बालिकाओं ने पेड़ों को बाँधा रक्षासूत्र
कुराबड़ पंचायत समिति के परमदा ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध स्थानक खंखेरिया माता जी में राखी के दूसरे दिन यानि ठंडी राखी को आदिवासी अंचल की बालिकाओं ने एक नयी परम्परा की शुरुआत करते हुए ग्रामवासियों एवं टीम सेटिस्फैक्शन के सहयोग से पेड़ों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प किया।
कार्यक्रम संयोजक हेमन्त औदीच्य के अनुसार जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सोशल डिस्टैन्सिंग की अनुपालना करते हुए आदिवासी बालिकाओं, टीम सेटिस्फैक्शन के सदस्यों एवं ग्राम वासियों ने परिसर में लगे लगभग 200 से भी अधिक पौधो को रक्षा सूत्र बाँधा एवं उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्काउटर झामेश्वर औदीच्य के द्वारा पौधों एवं बालिकाओं को कुमकुम का टिका लगाकर एवं विधिवत मंत्रोच्चार के साथ की गई। गौरतलब है कि इस बार हरियाली अमावस्या के अवसर पर गाँव के प्रतिनिधियों द्वारा एक जुट होकर टीम सेटिस्फैक्शन के द्वारा लगाए गए पौधो पर केसर का छिड़काव कर आजीवन उनकी रक्षा का संकल्प भी लिया गया था।
टीम सेटिस्फैक्शन के संस्थापक डॉ सतीश कुमार आमेटा के अनुसार रक्षाबंधन पर इसके अतिरिक्त टीम द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंर्तगत अमलतास के 5 पौधें भी लगाए गए। इस दौरान वहाँ मंदिर कमिटी के कालू, भॅवर, रतन, समाज सेवी नवल सिंह चुण्डावत, टीम सेटिस्फैक्शन के नवनीत औदीच्य, दीपेश सोनार्थी, मयंक आमेटा, मनोहर लोहार एवं ग्राम प्रतिनिधि उपस्थित थे।

