शादी समारोह में भाग लेने जा रहे दम्पति को ट्रोले ने लिया चपेट में, ट्रोले की पहिये के नीचे कुचलने से महिला की मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत
![]() |
| मुर्दाघर के बाहर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेते थानाधिकारी चुंडावत |
छोटीसादड़ी। अपने घर से बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में भाग लेने जा रहे एक दंपति को गोमाना गांव के समीप ट्रोले ने चपेट में ले लिया। इससे महिला की ट्रॉले के पहियों के नीचे कुचलने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला का पति उछलकर दूर जा गिरा। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचित किया।
इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवाया। पुलिस ने ट्रोले को भी जप्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि स्वरूप गंज पंचायत के चौहान खेड़ा गांव निवासी ओमप्रकाश पुत्र मथुरालाल जटिया व उसकी पत्नी आशाबाई बुधवार दोपहर को बाइक से अपने गांव चौहानखेड़ा से नीमच जिले के खजूरी गांव में शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे। इस दौरान गोमाना गांव के समीप एनएच 113 पर डेयरी के पास ट्रोले ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे ओमप्रकाश तो उछलकर दूर जा गिरा, जबकि आशाबाई ट्रोले के सामने गिर पड़ी। इससे ट्रोले ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी पहियों के नीचे कुचलने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस तथा एंबुलेंस को दी। इस पर 108 के पायलट महेंद्र शर्मा एवं ईएमटी कमलेश गायरी मौके पर पहुंचे तथा शव के पोस्टमार्टम के लिए छोटीसादड़ी चिकित्सालय के मुर्दाघर लेकर आये। यहा चिकित्सक विजय गर्ग ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। थानाधिकारी डूंगर सिंह चुंडावत ने बताया कि घटना में ट्रेलर को जप्त कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

