सलूम्बर । सलूंबर पंचायत समिति की सभा का आयोजन, सड़क की गुणवत्ता के साथ कृषि एवं अन्य विभागों पर हुई चर्चा
सलूम्बर । सलूंबर पंचायत समिति की साधारण सभा का आयोजन नवनिर्वाचित प्रधान की उपस्थिति में शुरू हुआ। जिसमे सड़क की गुणवत्ता के साथ कृषि विभाग एवं अन्य विभागों राज की योजना की चर्चा के साथ संपन्न हुई। नवनिर्वाचित प्रधान सूरजमल मीणा के अध्यक्षता में साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों ने विभाग अनुसार अपनी योजना पर विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य भगवती लाल कलाल ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना एवं अन्य नवनिर्मित सड़कों का साल भर में ही टूटने पर उनकी गुणवत्ता एवं घटिया निर्माण का मुद्दा उठाया, जिस पर पक्ष एवं विपक्ष के सभी सदस्य एकमत होते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के द्वारा घटिया निर्माण पर ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं करने एवं विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत पर सवाल खड़े किए। दुर्गा मीणा ने बेड़ावल सलूंबर मार्ग की जानकारी मांगी जिस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मणिलाल मेघवाल ने जवाब देते हुए कहा कि, बेड़ावल सलूंबर मार्ग 5 किलोमीटर कि स्वीकृति मिल चुकी है।
शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा तथा टूटी सड़कों पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर पुनर्निर्माण के बात दोहराई। बारिश में टूटी सड़कों एवं पुल पर सभा को आश्वासन देते हुए अभियंता ने कहा कि, सर्वप्रथम बारिश में टूटी सभी सड़क एवं पुल की मरम्मत करना विभाग की पहली प्राथमिकता है। कृषि विभाग के बीज वितरण के मामले पर पंचायत समिति सदस्य सीपी मेहता ने कहां की बीज वितरण समय किसी ग्राम सेवकों द्वारा अपने मिलने वाले चिन्हित लोगो के बीच में ही बीज वितरण किया जाता है।
जिससे गरीब पात्रता रखने वाले किसानों को बीज बाजारों से खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। मेहता की बात पर कृषि विभाग के अधिकारी ने इस प्रकार की बात से इंकार करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं पर भी ऐसी गड़बड़ी मिलती है तो विभाग उस पर कड़ी कार्रवाई करेगा। प्रतिपक्ष नेता कन्हैयालाल मेहता ने टोडा पंचायत के सलैया गांव में बाबर तालाब के पानी से टापू बने सलैया गांव की ग्रामीणों की व्यथा सदन में रखी। जिस पर सदन में उपस्थित अधिकारियों ने समस्या का समाधान का आश्वासन दिया।
पशुपालन विभाग के अधिकारी ने पशुओं में हो रही बीमारी, पशुओं से हो रही आम लोगों में बीमारियों, पशुओं के टीकाकरण, उपचार एवं निवारण, सदन में सदस्य के बीच रखें। बैठक में जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे। सभी ने अपनी-अपनी विभाग के अनुसार योजनाओं पर चर्चा सदन के सम्मुख रखी। सभा के अध्यक्षता प्रधान सूरजमल मीणा, उपखंड अधिकारी प्रकाश चंद्र रेगर, विकास अधिकारी विशाल सीपा, उपप्रधान निर्मला चौबीसा, प्रतिपक्ष नेता कन्हैया लाल मेहता समेत सभी पंचायत समिति सदस्य एवं सरपंच गण मौजूद रहे।
रिपोर्ट - देवानंद दमामी



